Friday, November 19, 2010

प्रैक्टिकल के दौरान मुंह में गया रसायन, छात्रा की मौत

जयपुर. राजस्थान विश्वविद्यालय में वनस्पति शास्त्र की प्रैक्टिकल क्लास में विषाक्त रसायन मुंह में जाने से एक शोध छात्रा की मौत हो गई।
9 नवंबर को तबीयत बिगड़ने पर उसे प्रोफेसर व साथियों ने एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया था। उसने गुरुवार देर रात दम तोड़ दिया। गांधी नगर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस व परिजनों ने सुसाइड की बात से इनकार किया है। पुलिस ने बताया कि मोनिका पॉल (22) बसवा रोड, बांदीकुई निवासी कन्हैयालाल की बेटी थी। वह राजस्थान विश्वविद्यालय में वनस्पति शास्त्र से पीएचडी कर रही रही थी। 9 नवंबर को सुबह 10 बजे वह अन्य छात्रों के साथ लैब में प्रैक्टिकल कर रही थी।
इसी दौरान मरक्यूरिक क्लोराइड रसायन का जार खोलते समय उसकी कुछ बूंदें मोनिका के मुंह में चली गईं, लेकिन उसने इसे हल्के में ले लिया और किसी को जानकारी नहीं दी। करीब डेढ़-दो घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। यह देखकर वहां मौजूद प्रोफेसर एस.सी. जैन ने अन्य छात्रों की मदद से उसे अचेतावस्था में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया था। मोनिका की मौत की खबर सुनकर हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं व अन्य साथियों में शोक छा गया। वे अस्पताल पहुंच गए। उधर, मोनिका की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया। यहां पहुंचे परिजनों ने बताया कि 23 नवंबर को मोनिका की बहन की शादी होने वाली थी।

No comments:

Post a Comment